कोरिया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। करीब 30 लोगों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया। इस घटना में वाहन सवार भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे भरत सिंह अपने साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर नवगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को एक टिपर वाहन से कई बार टक्कर मारी। लगातार टक्कर लगने से फॉर्च्यूनर के दरवाजे जाम हो गए, जिससे वाहन में सवार लोग बाहर नहीं निकल सके।
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जो लोग वाहन का शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, उनके साथ भी मारपीट की गई। आग की चपेट में आने से भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना में घायल लोगों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों का शरीर 40 से 60 प्रतिशत तक झुलस गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी देर रात ही घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं अंबिकापुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8204277
Total views : 8243267