रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप के प्रमोटर और कथित सरगना सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से ओमान से सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित करा लिया है। सीबीआई की विशेष टीम उसे ओमान से लेकर भारत पहुंची है। अब उसे रायपुर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सौरभ चंद्राकर सीबीआई के दो मामलों में वांछित है। इन दोनों मामलों में जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी वह आरोपी है, जिसमें अभियोजन शिकायत पहले ही दाखिल की जा चुकी है।
सीबीआई के अनुसार, यह प्रत्यर्पण विदेशों में रहकर भारतीय नागरिकों के खिलाफ आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले भगोड़ों को वापस लाने के भारत के प्रयासों में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसका उद्देश्य ऐसे आरोपियों को भारतीय कानून के तहत न्यायिक प्रक्रिया का सामना कराना है।

छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था और इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था।
इस नेटवर्क के माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल, ताश सहित विभिन्न खेलों और आयोजनों पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी। इसके लिए फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं का नेटवर्क तैयार किया गया था, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में फैला हुआ था। इसी नेटवर्क के जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और उनसे रकम एकत्र की जाती थी।
Author: Deepak Mittal









