सोने में बंपर तेजी, चांदी 18 हजार रुपए से ज्यादा महंगी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली: बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की कीमत में करीब 18 हजार 500 रुपए प्रति किलो का उछाल आया है, जबकि सोना भी 5 हजार रुपए से ज्यादा महंगा हो गया है।

आईबीजेए के अनुसार, चांदी की कीमत 18,497 रुपए बढ़कर 2,82,462 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। इससे पहले मंगलवार को चांदी इसी स्तर पर कारोबार कर रही थी।

सोने की कीमतों में भी तेज बढ़त दर्ज की गई है।

  • 24 कैरेट सोना 5,096 रुपए बढ़कर 1,56,625 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो पहले 1,51,529 रुपए था।

  • 22 कैरेट सोना 1,38,801 रुपए से बढ़कर 1,43,469 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया।

  • 18 कैरेट सोना 1,13,647 रुपए से बढ़कर 1,17,469 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तेजी हाल ही में आई रिकॉर्ड गिरावट के बाद देखने को मिली है। बीते शुक्रवार को मुनाफावसूली के चलते सोने की कीमतों में 11 प्रतिशत से ज्यादा और चांदी की कीमतों में 31 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी।

हाजिर बाजार के साथ-साथ मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी तेजी का रुख बना रहा।

  • सोने के 2 अप्रैल 2026 कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.98 प्रतिशत बढ़कर 1,56,850 रुपए हो गई।

  • चांदी के 5 मार्च 2026 कॉन्ट्रैक्ट में 5.59 प्रतिशत की तेजी आई और यह 2,82,993 रुपए पर पहुंच गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं में मजबूती देखी गई। खबर लिखे जाने तक

  • कॉमेक्स पर सोना 1.85 प्रतिशत बढ़कर 5,029 डॉलर प्रति औंस,

  • जबकि चांदी 8.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक अस्थिरता के चलते सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ी है, वहीं औद्योगिक मांग के कारण चांदी की कीमतों को मजबूत सपोर्ट मिला है। आगे अमेरिकी बाजारों से आने वाले आर्थिक आंकड़े सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करेंगे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment