रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आज पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को अपना इस्तीफा सौंपा।
अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय देना संभव नहीं है। इसी वजह से उन्होंने स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता के पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है।
भगवानू नायक ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा और सीख मिली।
उन्होंने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। नायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी पद और सदस्यता छोड़ने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह कायम रहेंगे।
अपने इस्तीफे में उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार जताया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह निर्णय बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के लिया गया है।
Author: Deepak Mittal









