रायपुर: छत्तीसगढ़ के बालोद और बेमेतरा जिला न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है।
धमकी मिलने के बाद दोनों कोर्ट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर से सभी मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित स्थान यानी सर्किट हाउस पहुंचाया, वहीं अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को भी परिसर से बाहर निकाल दिया गया। फिलहाल पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम पूरे परिसर की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों जैसे राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
हालांकि, पहले की घटनाओं में जांच के दौरान ऐसी धमकियां केवल अफवाह या फर्जी पाई गई थीं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219571
Total views : 8262290