केंदा घाटी में भीषण हादसा: कोयले से लदा ट्रेलर पलटा, चालक-हेल्पर की मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह केंदा घाटी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयले से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक और हेल्पर की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की बड़ी वजह जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क को माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद घाटी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

मध्यप्रदेश से रायपुर जा रहा था ट्रेलर

पुलिस के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG 04 PJ 3515 मध्यप्रदेश के उमरिया से रायपुर के लिए कोयला लेकर रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब वाहन केंदा घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी खराब सड़क और असंतुलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रेलर पलट गया और कोयला सड़क पर फैल गया।

चालक की अस्पताल में मौत

केंदा पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी अशोक मिश्रा के मुताबिक, हादसे में चालक प्रकाश महरा (28), निवासी धनपुरी, जिला शहडोल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोयले के नीचे दबा मिला हेल्पर

घटना की सूचना पर बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह और केंदा प्रभारी अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचे। ट्रेलर मालिक अजीत विश्वकर्मा (निवासी शहडोल) ने प्रारंभ में बताया कि वाहन में केवल चालक ही सवार था। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने एक अन्य व्यक्ति के भी ट्रेलर में होने की जानकारी दी।

पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर फैले कोयले को हटवाया, जिसके बाद ट्रेलर के नीचे दबा एक युवक मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उमेश विश्वकर्मा (25), निवासी धनपुरी, जिला शहडोल के रूप में हुई, जो हेल्पर था।

सड़क की बदहाली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि केंदा घाटी मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते हादसों को न्योता दे रहे हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद सड़क मरम्मत की रफ्तार धीमी बताई जा रही है।

ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार और सुरक्षा उपायों की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर घाटी मार्ग की खराब व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment