सेवानिवृत्त कर्मचारी नरोत्तम सिंह टेमार्य को कलेक्टर ने अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि भेंट कर दी भावभीनी विदाई

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जिला कार्यालय बालोद में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरोत्तम सिंह टेमार्य के अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर 31 अगस्त 2026 को जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने नरोत्तम सिंह टेमार्य को सेवानिवृत्ति के अवसर पर अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि भेंट कर उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

नरोत्तम सिंह टेमार्य ने वर्ष 1995 से विभिन्न शासकीय कार्यालयों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। नवीन जिला बालोद के गठन के पश्चात वे स्थानांतरित होकर जिला कार्यालय बालोद में पदस्थ हुए। वर्ष 2014 से वे कलेक्टर के निज पदस्थापना शाखा में कार्यरत रहे तथा जिले में पदस्थ विभिन्न कलेक्टरों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सेवानिवृत्त हुए।

समारोह में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला कार्यालय परिवार की ओर से नरोत्तम सिंह टेमार्य को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने नरोत्तम सिंह टेमार्य के सरल, सहज एवं अनुशासित व्यक्तित्व तथा कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा एवं समर्पित कार्यशैली की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा में ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ लंबे समय तक सेवाएं देना अपने आप में सराहनीय है। उन्होंने नरोत्तम सिंह टेमार्य के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कलेक्टर ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि प्रदान करने की पहल के लिए वित्त स्थापना शाखा के प्रभारी अधिकारी एवं वित्त शाखा के कर्मचारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनके देय स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना कार्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

सम्मान समारोह में अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकड़ा सहित जिला कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने नरोत्तम सिंह टेमार्य के दीर्घ शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यालय में सम्मान समारोह के पश्चात जिला कार्यालय बालोद के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा नरोत्तम सिंह टेमार्य को सम्मानपूर्वक उनके गृहग्राम सहगांव पहुंचाया गया। गृहग्राम पहुंचने पर ग्राम के सरपंच भुषण लाल देवागन, ग्राम पटेल, ग्रामवासियों एवं परिवारजनों द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत-सम्मान किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों एवं परिजनों ने उनके शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए सेवानिवृत्ति के पश्चात सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment