बालोद। जिले के दल्ली राजहरा-महामाया माइंस रोड पर सोमवार सुबह का नज़ारा रोमांच और दहशत से भरा रहा। सड़क पर अचानक एक दंतेल हाथी आ धमका। इस दौरान सामने से आ रहे हाईवा ट्रक चालक ने जैसे ही हाथी को अपनी ओर बढ़ते देखा तो घबरा गया। हाथी ट्रक के बिल्कुल पास तक पहुंच गया था। लेकिन चालक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत ट्रक को रिवर्स किया और किसी तरह अपनी जान बचाई।
यह घटना दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र के बोइरडीह पंपहाउस के पास हुई। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे दृश्य को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
✦ हाथी की मौजूदगी से दहशत
सूत्रों के अनुसार, हाथी नलकसा और कुमुड़कट्टा होते हुए बोइरडीह की ओर बढ़ा। सुबह 8:45 बजे उसे कक्ष क्रमांक RF-143 में देखा गया। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। हाथी गोटुलमुंडा बैरियर भी पार कर चुका है।
✦ कई गांवों में अलर्ट
बालोद वनमंडल ने बताया कि हाथी की गतिविधि को देखते हुए 20 से अधिक गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। इनमें मलकुंवर, आड़ेझर, हिड़कापार, चिखली, जमरूआ, साल्हे, कोकान, टेकाधोड़ा, हाथीगोर्रा, खल्लारी, अड़जाल, पुट्टरवाही, दरुटोला, सिंहनवाही, अरमुरकसा, खम्हरटोला, घोटिया, पटेली और मंगलतराई शामिल हैं।
✦ ग्रामीणों को चेतावनी
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और खासकर रात के समय जंगल रास्तों से बचें। साथ ही, हाथी दिखने पर तुरंत नजदीकी वनकर्मियों या अधिकारियों को सूचना देने की हिदायत दी गई है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8183732
Total views : 8216327