1600 डिग्री तापमान वाले पिघले लोहे से झुलसे संतोष ने अस्पताल में तोड़ा दम, श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
दुर्ग। जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में भीषण औद्योगिक हादसे में एक ठेकेदार की मौत हो गई। हादसे में बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी संतोष गंभीर रूप से झुलस गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में मशीन का नोजल नीचे आने के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 1600 डिग्री तापमान वाले पिघले लोहे की चपेट में आने से संतोष बुरी तरह झुलस गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटों से घिरे संतोष सीढ़ियों से नीचे भागते दिखाई दे रहे हैं।
हादसे के बाद औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, घटना के संबंध में कंपनी प्रबंधन का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है।
मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इन बिंदुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Deepak Mittal









