कोंडागांव: जिले के Kondagaon वनमंडल के नारंगी वन परिक्षेत्र में जंगल में भीषण आग लगने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर आरएफ-843 के जंगल में लगी आग तेजी से फैलने लगी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार जंगल में रखे लगभग 15 से 20 जलाऊ लकड़ी के चट्टे आग की चपेट में आ गए हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए वन विभाग ने पहली बार दमकल वाहन को जंगल के अंदर तक पहुंचाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इससे पहले जंगल के अंदर दमकल गाड़ी ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी थी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के संयुक्त डीएफओ, एसडीओ और रेंजर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मिलकर आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार मशक्कत कर रही है।
इधर वन विभाग के मैदानी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर डीएफओ के खिलाफ आंदोलन और हड़ताल पर बैठे हुए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर मनमानी के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस समय जंगलों में आग लगने का खतरा अधिक रहता है, इसलिए सभी कर्मचारियों का सहयोग जरूरी है।
अधिकारियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास के वन क्षेत्रों और वन्यजीवों को भी नुकसान हो सकता है। फिलहाल वन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8214843
Total views : 8256318