टीम इंडिया ने श्रीलंका दौरे का धमाकेदार जीत के साथ आगाज किया है। भारत ने शनिवार को पहले टी20 मैच में श्रीलंका को 43 रनों से धूल चटाई। कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत की शानदार पारी के दम पर भारत ने पल्लेकेले स्टेडयिम 214 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में मेजबान टीम 19.2 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गई।
भारत के लिए रियान पराग ने 1.2 ओवर में पांच रन देकर तीन विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो शिकार किए। मोहम्मद सिराज और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन शुरुआत की। एक समय तो भारतीय खेमा टेंशन में आ गया था। पथुम निसांका (48 गेंदों में 79, सात चौके, चार छक्के) और कुस मेंडिस (27 गेंदों में 45, सात चौके, एक सिक्स) ने पहले विकेट के लिए 84 रन की पार्टनरशिप की।
अर्शदीप ने यह साझेदारी नौवें ओवर में मेंडिस को आउट कर तोड़ी। निसांका को अक्षर ने 15वें ओवर में बोल्ड किया, जिसके बाद श्रीलंका की हालत खस्ता होती चलई गई। निसांका जब लौटे तब श्रीलंका का स्कोर 140/2 था। श्रीलंका ने आठ विकेट केवल 30 रन जोड़कर गंवाए।
कुशल परेरा ने 20 और कामिंदु मेंडिस ने 20 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के छह प्लेयर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। कप्तान चरिथ असलंका, दासुन शनाका और दिलशान मदुशंका का खाता नहीं खुला।
इससे पहले, भारत ने निर्धारित 20 ओवर मे 7 विकेट के नुकसान पर 213 रन जुटाए। भारत के लिए सूर्यकुमार ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 26 गेंदों में 8 चौकों और दो छक्कों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली। ऋषभ पंत (49) और यशस्वी जायसवाल (40) फिफ्टी से चूक गए।
श्रीलंका की तरफ से मथीशा पथिराना ने चार विकेट चटकाए। वानिंदु हसरंगा, दासुन शनाका और असिथा फर्नांडो को एक-एक विकेट मिला। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। यशस्वी और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8184009
Total views : 8216725