दल्लीराजहरा,,दल्लीराजहरा नगर पालिका में प्रशासनिक सख्ती के स्पष्ट संकेत देखने को मिल रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी ने पदभार संभालने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू के कक्ष में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचय एवं समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान सीएमओ ने सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नोडल अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर एवं पीआईयू विक्रांत साहू को निर्देशित किया कि वे कार्ययोजना बनाकर शहर के सभी वार्डों, चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें। साथ ही दवाई छिड़काव अभियान को भी प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

विद्युत व्यवस्था को लेकर उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि वार्डों की बस्तियों एवं मुख्य सड़कों में बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। वहीं राजस्व वसूली में कमी पर नाराजगी जाहिर करते हुए राजस्व प्रभारी को वसूली प्रतिशत बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने कहा कि हितग्राहियों से नियमानुसार आवेदन लेकर समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंच सके।
विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन अभियंता नित्यानंद उपाध्याय एवं उप अभियंता शाहबाज खान को निर्देशित किया गया कि वे पालिका क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें और उन्हें तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। साथ ही शासन को आवश्यक जानकारी समय पर प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ सीमा बक्शी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं पेंशन से संबंधित प्रकरणों को लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कार्यालय में आने वाले दिव्यांग, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी के सख्त और स्पष्ट निर्देशों से यह साफ है कि अब नगर पालिका की कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले समय में शहर की व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिलना तय माना जा रहा है।
बैठक में कार्यपालन अभियंता नित्यानंद उपाध्याय, उप अभियंता शाहबाज खान, स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर, बुद्धिमान सिंह, घनश्याम शर्मा, विपिन बेहरा, इन्द्र यादव, सुनील तारम, पंकज चंद्राकर, धरमु राम बक्शी, आनंद साहू, निर्भय राम नरेटी, सुशील टंडन, अब्दुल कलीम, विक्रांत साहू, दशरथ कौशिक, शिवकुमार शर्मा, देवनारायण देवांगन, कुंदन निषाद, अभिजीत भगत, रतन चौधरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8204917
Total views : 8244048