बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र में चार नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह एक लेबर ठेकेदार पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों और रॉड से लैस बदमाशों ने ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा और उसके पास रखे पैसे लूटकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ठेकेदार ठाकुर ठेका प्लांट में काम करता है। सोमवार देर शाम वह काम से लौट रहा था, तभी बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। पहले उन्होंने गाली-गलौच की और पैसों की मांग करने लगे। जब ठेकेदार ने विरोध किया, तो उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
हमले से घबराया ठेकेदार अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन बदमाश उसे पीछा कर दौड़ाते रहे और लगातार पीटते रहे। घायल हालत में ठेकेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। वीडियो में चारों बदमाश हथियार लेकर ठेकेदार पर हमला करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
तोरवा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8184572
Total views : 8217484