रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर राज्य सरकार और बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर स्मार्ट मीटरों में कथित गड़बड़ी और उपभोक्ताओं के बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने तथा दोषपूर्ण मीटरों को तत्काल बदलने की मांग की है।
डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल दो से चार गुना तक बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से उपभोक्ताओं ने मीटर की रीडिंग और बढ़े हुए बिलों को लेकर शिकायतें दर्ज कराई हैं। कुछ मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा घर के बिजली उपकरण बंद रखने के बावजूद मीटर में खपत दर्ज होने के वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है।



नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि बिजली के उपकरण बंद होने के बावजूद मीटर में लगातार खपत दर्ज हो रही है, तो इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच आवश्यक है। उन्होंने इसे महज तकनीकी खामी मानने के बजाय स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और सॉफ्टवेयर प्रोग्रामिंग की जांच की मांग की है।
डॉ. महंत ने कहा कि महंगाई और बढ़ी हुई बिजली दरों से पहले से परेशान आम उपभोक्ताओं पर बढ़े हुए बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटरों की तत्काल जांच कराने, दोषपूर्ण मीटरों को बदलने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की मांग की है। डॉ. महंत ने चेतावनी दी कि मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बिजली कार्यालयों का घेराव करेगी और सड़क से विधानसभा तक आंदोलन करेगी।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8237010
Total views : 8284599