हिमाचल में दर्दनाक हादसा: घर में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के तलगना गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मकान में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर हालत में बच गया। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में नरेश, उनकी पत्नी तृप्ता, रिश्तेदार कविता और तीन बच्चे सारिका, कृतिका और कृतिक शामिल हैं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव बुरी तरह जल चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

एलपीजी सिलेंडर फटने से बढ़ी आग

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग के दौरान घर में रखा एक एलपीजी सिलेंडर भी फट गया, जिससे पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर में मौजूद पालतू जानवरों के भी जिंदा जलने की सूचना है।

एक सदस्य की जान बची

हादसे में कविता के पति लोकेंद्र बच गए, जिन्हें गांव वालों ने गंभीर हालत में बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए सोलन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएनए प्रोफाइलिंग से होगी पहचान

पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों के लापता होने की भी आशंका है। मृतकों की सही पहचान के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग कराई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

बीजेपी नेताओं ने जताया शोक

इस हृदयविदारक घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिले के नोहराधार क्षेत्र में हुई यह घटना बेहद दुखद और दर्दनाक है। एक ही परिवार के छह लोगों की असमय मौत पूरे प्रदेश के लिए बड़ा आघात है। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की।

यह हादसा इस सप्ताह हिमाचल प्रदेश में आग लगने की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में भीषण आग में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे राज्य में आग से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *