
मुंगेली : स्वतंत्र पत्रकारिता पर एक और हमला उस वक्त सामने आया जब एक शिक्षक, संजय साहू, ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना के खिलाफ रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना 22 अगस्त 2024 की है, जब मुंगेली जिले के एक पत्रकार ने कलेक्टर द्वारा जारी आदेश का पालन न करने पर संजय साहू के खिलाफ खबर प्रकाशित की थी।
रात को करीब 10:23 बजे, संजय साहू ने व्हाट्सएप कॉल पर पत्रकार को धमकाते हुए कहा कि “तुम्हें मैं देख लूंगा, तुम्हारी उल्टी गिनती शुरू हो गई है।”

इस दौरान शिक्षक ने गाली-गलौज भी की और अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए कहा कि “मंत्री और विधायक मेरे साथ हैं, तुम्हें कब निपटाऊंगा, पता भी नहीं चलेगा।”
इस घटना के बाद मुंगेली के पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले सभी पत्रकार एकजुट होकर शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मुंगेली के एसपी और कलेक्टर के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। प्रशासन ने पत्रकारों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह घटना स्वतंत्र पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिशों की एक कड़ी है, जहां एक शिक्षक ने अपने पद और राजनीतिक संबंधों का दुरुपयोग करते हुए पत्रकार को धमकाया। अब सवाल उठता है कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और दोषी शिक्षक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। पत्रकार संघ भी इस मामले में आगे की रणनीति बनाने में जुटा है ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसे किसी भी हमले को रोका जा सके।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8188500
Total views : 8222840