पिचक गई कार: स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत, सगाई समारोह से लौट रहे थे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के बेलचंपा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एक अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी।

हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि जिस घर में वाहन जा घुसा, वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है। अज्ञात ट्रक से टक्कर लगते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे एक घर में जा टकराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा।

पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार सभी चार लोग आपस में रिश्तेदार थे। वे उत्तर प्रदेश सीमा के बिलासपुर गांव में एक रिश्तेदार की सगाई समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मृतक पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र और विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

मृतकों के परिजनों के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक घटना पर पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रामचंद्र चंद्रवंशी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक हादसा है और वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment