सोलन: सोलन शहर में राज्य एवं आबकारी विभाग ने मंगलवार देर रात बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए शराब के 5 ठेकों को सील कर दिया। यह कार्रवाई लंबे समय से मार्केट फीस जमा न करवाने के चलते की गई है। विभाग के मुताबिक, इन ठेकों पर करीब 55 लाख रुपये की फीस बकाया थी, लेकिन बार-बार नोटिस के बावजूद संचालकों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
निरीक्षण के दौरान खुली पोल
मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने सोलन शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित शराब ठेकों का अचानक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि पांच ठेका संचालकों ने तय समय सीमा में मार्केट फीस जमा नहीं की, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
स्टॉक मिलान के बाद ठेके किए गए सील
कार्रवाई से पहले विभागीय अधिकारियों ने ठेकों में मौजूद शराब के पूरे स्टॉक की गिनती और मिलान किया। सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के बाद विधिवत रूप से ठेकों को सील कर दिया गया। देर रात चली इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी गिरेगी गाज
राज्य एवं आबकारी विभाग सोलन के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सरकारी निर्देशों के तहत मार्केट फीस और अन्य देय राशि का समय पर भुगतान अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने अन्य सभी ठेका संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे समय रहते बकाया राशि जमा करें, ताकि भविष्य में ऐसी कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।
Author: Deepak Mittal









