रायपुर। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान एक बार फिर सही साबित हुआ। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई गई थी, जो शनिवार शाम को देखने को मिली।
दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम होते ही आसमान में काले बादल छा गए और करीब शाम 6:30 बजे तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं ने विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

राजधानी रायपुर के कई इलाके देर रात तक अंधेरे में डूबे रहे। महावीर नगर, बसंत विहार कॉलोनी, राजेंद्र नगर, वल्लभ नगर, काशीराम नगर, अमलीडीह और न्यू राजेंद्र नगर सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। तेज हवाओं के कारण बिजली तारों में आई खराबी से मेंटेनेंस टीम को फॉल्ट तलाशने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, बलौदा बाजार मार्ग स्थित अंबुजा मॉल के पास सड़क पर पेड़ गिरने से व्हीआईपी तिराहा से सड्डू मार्ग तक यातायात प्रभावित हो गया। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
कटोरा तालाब स्थित जोगी बंगले के पास भी तेज आंधी के चलते पेड़ गिरने की घटना सामने आई, जिसमें 4 से 6 वाहन पेड़ की चपेट में आ गए। इस घटना में वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
इसके अलावा राजेंद्र नगर क्षेत्र में वोल्टेज उतार-चढ़ाव के कारण कई घरों के विद्युत उपकरण खराब होने की भी जानकारी सामने आई है। प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें देर रात तक व्यवस्था बहाल करने में जुटी रहीं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8216195
Total views : 8258013