रायपुर। भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनके वाहन चालक को भी चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इसके कुछ देर बाद सांसद की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में सांसद के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनके चालक के सीने और हाथ में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
Author: Deepak Mittal








