5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन, खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा
दुर्ग। कमीशन के लालच में अपना और दूसरों का बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले तीन म्यूल खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और हस्तांतरण के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खाताधारकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। थाना सुपेला में दर्ज अपराध क्रमांक 1324/2026 की जांच के दौरान उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों का विश्लेषण किया गया। इसमें साइबर ठगी की रकम के लाखों रुपये के लेन-देन का पता चला।
जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में स्वयं के साथ अन्य लोगों के बैंक खाते और उनसे संबंधित दस्तावेज एजेंटों के माध्यम से हासिल कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने और उसकी पहचान छिपाने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण कर तीन आरोपियों की पहचान की। इनमें कांति प्रसाद पारधी (33), निवासी सुभम कॉलोनी, आर्य नगर कोहका, थाना सुपेला; वसीम खान (30), निवासी शर्मा कॉलोनी, नंदिनी रोड, थाना छावनी और पोषण निषाद (27), निवासी ग्राम अंजोरा, वर्तमान पता ग्राम रसमड़ा, जिला दुर्ग शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत दर्ज अपराध में वैधानिक कार्रवाई की है।
Author: Deepak Mittal








