ATM से पैसे निकालने के नियमों में RBI का बड़ा बदलाव..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अब फ्री ट्रांजैक्शन की जानकारी देना बैंकों के लिए अनिवार्य

नई दिल्ली। ATM से पैसे निकालने वाले बैंक ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 27 नवंबर को जारी मास्टर निर्देशों के तहत अब बैंकों को ग्राहकों को यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने महीने में मिलने वाली कितनी फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट का इस्तेमाल कर लिया है। साथ ही, फ्री लिमिट खत्म होने के बाद प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर लगने वाले शुल्क की जानकारी भी देनी होगी। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

RBI ने ATM और PoS मशीनों के जरिए कैश निकासी से संबंधित नियमों को एक जगह संकलित करते हुए 2008 से 2022 के बीच जारी 17 पुराने सर्कुलर वापस ले लिए हैं। ये दिशा-निर्देश सरकारी और निजी बैंकों के साथ ग्रामीण एवं सहकारी बैंकों तथा भुगतान प्रणाली से जुड़ी संस्थाओं पर भी लागू होंगे।

नए निर्देशों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे ग्राहक हर महीने इस्तेमाल की गई फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके लिए बैंक SMS या अन्य माध्यमों से अलर्ट भेज सकते हैं। इससे ग्राहकों को पता रहेगा कि उनकी फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट कितनी बची है और लिमिट समाप्त होने के बाद कितना शुल्क देना पड़ सकता है। इसके अलावा ATM मशीनों पर यह भी स्पष्ट करना होगा कि वे मेट्रो शहर में स्थित हैं या नॉन-मेट्रो क्षेत्र में। इसके लिए स्क्रीन मैसेज, स्टिकर या पोस्टर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

RBI ने फिलहाल फ्री ATM ट्रांजैक्शन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है। ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 बार मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। इसमें नकदी निकासी के साथ बैलेंस चेक जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी शामिल हैं। वहीं, दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। दूसरे बैंक के ATM के लिए कुल 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की मासिक सीमा लागू रहती है।

फ्री लिमिट समाप्त होने के बाद बैंक प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये और लागू टैक्स वसूल सकते हैं। हालांकि, बैंक अपने ग्राहकों को इससे अधिक मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा भी दे सकते हैं।

RBI ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी खराबी, सर्वर या कम्युनिकेशन की समस्या और ATM में नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण असफल हुए ट्रांजैक्शन को वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा। ऐसी स्थिति में बैंक ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। गलत PIN या बैंक की ओर से हुई तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रांजैक्शन असफल होने पर भी कोई चार्ज नहीं लगेगा।

नए निर्देशों में PoS मशीन के जरिए नकदी निकालने की सुविधा का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब डेबिट कार्ड, फुल KYC वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) और UPI के माध्यम से भी इस सुविधा का लाभ लिया जा सकेगा। इसके तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक नकदी निकाली जा सकेगी।

यदि बैंक या संबंधित संस्था इस सुविधा पर शुल्क वसूलती है, तो यह निकाली गई राशि के 1 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता। खास बात यह है कि PoS मशीन से नकदी निकालने के लिए ग्राहक को कोई सामान खरीदना अनिवार्य नहीं होगा। यदि खरीदारी के साथ कैश निकाला जाता है, तो बिल में खरीदारी की रकम और निकाली गई नकदी का विवरण अलग-अलग दिखाना होगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *