पत्रकारिता की आड़ में कथित अवैध वसूली पर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जताई नाराजगी, एसपी को सौंपा ज्ञापन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अनाधिकृत प्रवेश, वाहनों को रोककर जांच करने और कारोबारियों को डराने-धमकाने का आरोप; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कोंडागांव। कोंडागांव जिले में कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को पत्रकार बताकर पत्रकारिता की आड़ में कथित रूप से अवैध वसूली करने, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अनाधिकृत प्रवेश करने तथा परिवहन में लगे वाहनों को रोककर जांच करने जैसी गतिविधियों को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की है। इस संबंध में चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक, कोंडागांव को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण जैन ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि जिले में कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को पत्रकार बताकर विभिन्न राइस मिलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिना अनुमति प्रवेश कर वहां संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है। आरोप है कि इसके माध्यम से वीडियो प्रचारित करने अथवा संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करवाने का भय दिखाकर कारोबारियों पर अनुचित दबाव बनाया जाता है और कथित रूप से जबरन धनराशि वसूलने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो चुका है। ऐसे में कुछ व्यक्तियों द्वारा परिवहन में लगे वाहनों को रोकने, उनमें ले जाए जा रहे सामान एवं दस्तावेजों की जांच करने तथा वाहन चालकों और मालिकों को डराने-धमकाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। जबकि वाहनों की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन एवं नियमानुसार कार्रवाई करने का अधिकार संबंधित विभागों और अधिकृत अधिकारियों को ही है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से जिले के व्यापारियों में असुरक्षा और आक्रोश का माहौल बन रहा है। किसी भी व्यक्ति को पत्रकारिता अथवा किसी अन्य पहचान की आड़ में कानून अपने हाथ में लेने और व्यापारियों पर अनुचित दबाव बनाने का अधिकार नहीं है।

चैंबर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यापारी या व्यवसायी द्वारा नियमों के विरुद्ध कोई कार्य किया जा रहा है तो प्रशासन संबंधित विभाग के माध्यम से विधिवत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करे। ऐसी कार्रवाई पर चैंबर ऑफ कॉमर्स को कोई आपत्ति नहीं होगी। संगठन का उद्देश्य किसी भी अनियमितता को संरक्षण देना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

अध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारिता के माध्यम से भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उजागर करना सराहनीय कार्य है। लेकिन कुछ व्यक्तियों द्वारा पत्रकारिता की आड़ में कथित तौर पर की जा रही ऐसी गतिविधियां पूरे मीडिया जगत की छवि को धूमिल करती हैं तथा आमजन के मन में पत्रकारिता से जुड़े लोगों के प्रति अविश्वास पैदा करती हैं।

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसी गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो व्यापारी वर्ग आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

प्रवीण जैन

अध्यक्ष
चैंबर ऑफ कॉमर्स, कोंडागांव

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *