बिलासपुर/सीपत। जिले के सीपत क्षेत्र के ग्राम देवरी में 7 अगस्त की रात श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियों ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। रात के अंधेरे में कुछ लोगों के श्मशान घाट के आसपास घूमने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही कुछ संदिग्ध लोग भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने जब श्मशान घाट के भीतर जाकर देखा तो वहां का दृश्य देखकर वे भी हैरान रह गए। श्मशान की जमीन पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा सहित तीन लोगों की तस्वीरें रखी हुई थीं। तस्वीरों के आसपास मरी हुई मछलियां और कथित तंत्र-साधना से जुड़ी कई संदिग्ध वस्तुएं भी पड़ी मिलीं।
पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु बोले चाकूबाजी के एक गंभीर मामले में जेल में बंद है। उसे जमानत दिलाने और न्यायालय से रिहाई कराने के उद्देश्य से कथित तौर पर तंत्र-मंत्र का सहारा लिया गया।
आरोपी के अनुसार, उसने सोशल मीडिया के माध्यम से एक तांत्रिक से संपर्क किया था। तांत्रिक के बताए तरीके के अनुसार वह अपने साथियों के साथ रात में श्मशान घाट पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, वहां तस्वीरों और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर कथित तंत्र-साधना की जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले में तंत्र-साधना के पीछे की वास्तविक वजह, इसमें शामिल अन्य लोगों और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए कथित तांत्रिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8225149
Total views : 8269544