ऑपरेशन क्लीन हंट: अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 21 चोरी की बाइक जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

हर्ष लाल, संवादाता सक्ति

रायगढ़ : चक्रधरनगर पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर (CG-11-AM-7998) की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मेडिकल कॉलेज रोड पर चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी और बिक्री करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर अनिल मिश्रा के कब्जे से 10, अमृत बहादुर से 2, बोलो निषाद से 5 तथा चंद्रकुमार तिवारी से 4 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जब्त सभी 21 बाइक रायगढ़, कोरबा, सक्ती तथा ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल मिश्रा (38), बोलो निषाद (38), अमृत बहादुर (37), चंद्रकुमार तिवारी (37) और चंदन राय (24) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने गिरोह के दो फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी है तथा संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment