कलेक्टर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर वनांचल के ग्राम नंगूटोला के स्कूली बच्चों को दिया न्योता भोज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, जूता एवं टॉफी के साथ-साथ दिया अपना आत्मीय स्नेह एवं दुलार, स्कूली विद्यार्थी एवं ग्रामीण हुए अभिभूत

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले में अभिनव एवं शिष्ट परंपरा की शुरुआत करते हुए आज 02 सितंबर को अपना जन्मदिन जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला के स्कूली बच्चों के साथ मनाया। कलेक्टर मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को न्योता भोज भी दिया।

इस अवसर पर उन्होंने स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के साथ शासकीय प्राथमिक शाला नंगूटोला में जमीन में बैठकर न्योता भोज ग्रहण किया। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्कूली बच्चों के लिए स्वयं प्लेट लगाकर उन्हें भोजन भी परोसा। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के जन्मदिन के अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ केक काटा। इस दौरान उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूता एवं टॉफी प्रदान कर अपना अपार आत्मीय दुलार एवं स्नेह प्रदान किया। इस मौके पर कलेक्टर मिश्रा ने स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के संबंध में समझाइश भी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने बच्चों को पूरे मनोयोग तथा निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पढ़ाई-लिखाई कर जीवन में उपलब्धि हासिल कर अपने संस्थान, माता-पिता एवं परिवार का नाम रोशन करने को कहा।

इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे एवं जिला स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिका एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

कलेक्टर मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूरे उत्साह एवं आत्मीयता के साथ जन्मदिन मनाने के लिए सभी को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विनम्र आभार व्यक्त किया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment