मानसून की दस्तक बनी आफत: नॉर्थ-ईस्ट में बाढ़ और लैंडस्लाइड से 34 की मौत, सेना और एयरफोर्स रेस्क्यू में जुटी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की शुरुआत ने तबाही मचा दी है। बीते तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने असम, त्रिपुरा, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बाढ़ और भूस्खलन का कारण बना है। अब तक 34 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना, वायुसेना और असम राइफल्स को राहत-बचाव कार्यों में लगाया गया है।

असम: 3.6 लाख लोग प्रभावित, 764 गांव डूबे

राज्य के 19 जिलों में बाढ़ का असर है। 2 और लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 10 हो चुकी है। करीब 3.6 लाख लोग प्रभावित हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। भूस्खलन की घटनाओं में कई जानें गई हैं। गुवाहाटी और करीमगंज जैसे ज़िलों में 30 से 42 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है।

त्रिपुरा: राजधानी अगरतला में घुटनों तक पानी

त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में महज़ तीन घंटे में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरा शहर जलमग्न हो गया। एक व्यक्ति की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। 10,600 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। राज्य के तीन ज़िलों में बाढ़ के हालात हैं और 14 टीमें बचाव कार्यों में जुटी हैं।

सिक्किम: मंगन जिले में 1,000 से अधिक टूरिस्ट फंसे

सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में पिछले चार दिनों से 1,000 से अधिक पर्यटक फंसे हैं। बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से सभी रास्ते बंद हो गए हैं। प्रशासन रेस्क्यू की कोशिशों में जुटा है, लेकिन खराब मौसम के कारण दिक्कतें आ रही हैं।

मणिपुर: इंफाल में नदी उफानी, अस्पतालों तक में पानी घुसा

पिछले 48 घंटों में 883 घरों को नुकसान, 3,802 लोग प्रभावित। इंफाल की कई नदियां उफान पर हैं, जिससे राजधानी और आस-पास के इलाकों में जलभराव हो गया है। ऑल इंडिया रेडियो इंफाल और जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान समेत कई संस्थानों में पानी घुस गया है।

नागालैंड: कोहिमा-माओ हाईवे धंसा

राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर फेसामा के पास सड़क 4 फीट धंस गई, जिससे कोहिमा-माओ मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है और लोगों को यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

अरुणाचल प्रदेश: नदियों का जलस्तर बढ़ा, अलर्ट जारी

राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में आज बारिश के आसार हैं। IMD ने पूरे राज्य में 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

संकट गहराया, सतर्क रहना ज़रूरी

पूर्वोत्तर भारत में मानसून ने तबाही की शक्ल ले ली है। प्रशासन और सेनाएं लगातार रेस्क्यू में लगी हैं, लेकिन हालात गंभीर बने हुए हैं। आम नागरिकों को सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *