वाराणसी: वाराणसी में एक मैक्सिकन जोड़े ने भारतीय परंपरा के अनुसार गंगा नदी में तैरती नाव पर विवाह रचाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अस्सी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई इस अनोखी शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटक जुटे।
मेक्सिको से आए रुइज़ कैबोल और गोंजालो मिगुएल भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर काशी पहुंचे थे। दोनों ने पारंपरिक मैक्सिकन रीति-रिवाजों से अलग हटकर हिंदू वैदिक विधि से विवाह करने का निर्णय लिया।
विवाह समारोह अस्सी घाट पर गंगा में तैरती नाव पर आयोजित किया गया। दूल्हे ने धोती-कुर्ता और पगड़ी धारण की, जबकि दुल्हन बनारसी साड़ी में सजी नजर आईं। आचार्य दीपक पांडे ने वैदिक मंत्रों के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया।
शादी के दौरान घाट पर मौजूद पर्यटकों ने फूल बरसाकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। कई लोगों ने इस अवसर को अलग-अलग संस्कृतियों के सुंदर संगम के रूप में सराहा। समारोह के दृश्य पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद किए।
काशी में विदेशी जोड़ों द्वारा पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह करने का चलन बढ़ता जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति के प्रति वैश्विक आकर्षण को दर्शाता है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8234966
Total views : 8282071