बलरामपुर: जिले के शारदापुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। स्कूल में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र मध्यान्ह भोजन अवकाश के दौरान खेलते-खेलते पास ही स्थित निर्माणाधीन मकान में चला गया, जहां अचानक छज्जा गिरने से वह उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
स्कूल परिसर के पीछे बना मौत का जाल
यह हृदयविदारक हादसा शारदापुर गांव के खुटहन पारा स्थित माध्यमिक शाला का है। स्कूल में पढ़ने वाला छठवीं कक्षा का छात्र आलोक कुमार, पिता रमेश देवांगन, मिड-डे मील के दौरान दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह स्कूल परिसर के पीछे बने अधूरे निर्माणाधीन मकान में पहुंच गया।
अचानक गिरा छज्जा, मलबे में दबा छात्र
इसी दौरान मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया। अन्य बच्चों ने जब यह देखा तो शोर मचाया और तुरंत शिक्षकों को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसें
शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से आलोक को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मासूम की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं और घर में कोहराम मचा हुआ है।
Author: Deepak Mittal









