
(जे के मिश्र) बिलासपुर : शहर के चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनाई गईं जेबरा क्रॉसिंग अब गायब होती नजर आ रही हैं, जिससे सड़क पार करना पैदल यात्रियों के लिए जोखिम भरा हो गया है। पैदल चलने वालों के लिए सड़क पार करने में सहूलियत हो और वे दुर्घटनाओं से बच सकें।
इस उद्देश्य से पहले शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जेबरा क्रॉसिंग बनाई गई थीं। लेकिन समय के साथ इनका रखरखाव न होने की वजह से ये धुंधली हो गई हैं या पूरी तरह मिट चुकी हैं।
पैदल यात्रियों के लिए बढ़ी परेशानी
शहर की सड़कों पर जेबरा क्रॉसिंग के लुप्त होने से पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रमुख चौक-चौराहों जैसे अग्रसेन चौक, सीएमडी चौक, तारबाहर चौक, पुराना बस स्टैंड चौक, शनिचरी बाजार, नेहरू चौक और मंगला चौक पर जेबरा क्रॉसिंग का नामोनिशान मिट चुका है।
इस वजह से पैदल यात्री जान जोखिम में डालकर सड़कों को पार करने पर मजबूर हैं। इसके साथ ही, वाहन चालक भी जेबरा क्रॉसिंग के अभाव में गाड़ियों को गलत स्थानों पर खड़ा कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
निगम की उदासीनता
यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम को कई बार सड़कों पर जेबरा क्रॉसिंग और अन्य क्रॉसिंग्स बनाने के लिए पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया है। यातायात अधिकारियों के अनुसार, जेबरा क्रॉसिंग न होने की वजह से सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
अधिकारियों का बयान
जिला सेफ्टी सेल अधिकारी, उमा शंकर पांडेय ने कहा, “सड़कों पर जेबरा क्रॉसिंग की स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी है। इसे सुधारने के लिए नगर निगम को कई बार लिखा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।”
निवासियों की मांग
शहर के निवासियों ने भी नगर निगम से अपील की है कि जल्द से जल्द सड़कों पर जेबरा क्रॉसिंग को पुनः निर्मित किया जाए ताकि पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही जेबरा क्रॉसिंग नहीं बनाई गई तो दुर्घटनाओं की संख्या में और भी वृद्धि हो सकती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8188561
Total views : 8222926