गुयाना के राष्ट्रपति अली ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से PM Modi को किया सम्मानित

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें जॉर्जटाउन में आयोजित एक विशेष समारोह में दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत और गुयाना के मजबूत रिश्तों को और गहराई देगा और हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

भारत-गुयाना के ऐतिहासिक संबंधों पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और गुयाना के संबंध साझा इतिहास, सांस्कृतिक धरोहर और आपसी विश्वास पर आधारित हैं। उन्होंने राष्ट्रपति इरफान अली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दोनों देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान गुयाना को “अनेक जलों की भूमि” कहकर उसकी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान की तारीफ की।

ग्लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और गुयाना की साझेदारी केवल द्विपक्षीय संबंधों के लिए नहीं, बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ के लिए अहम है। उन्होंने तकनीक और नवाचार के उपयोग से गरीबी और असमानता को दूर करने पर जोर दिया।

डोमिनिका में भी मिला था सर्वोच्च नागरिक सम्मान

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी को डोमिनिका ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया था। यह सम्मान उन्हें कोरोना महामारी के दौरान डोमिनिका को भारत द्वारा वैक्सीन की आपूर्ति के लिए दिया गया।

पीएम मोदी को कई देशों से सर्वोच्च सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। इनमें रूस का ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’, भूटान का ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’, यूएई, सऊदी अरब, अफगानिस्तान, फ्रांस, मिस्र और अमेरिका सहित कई देशों के शीर्ष पुरस्कार शामिल हैं। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

कैरीकॉम परिवार में भारत की भूमिका

गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली ने भारत को कैरीकॉम (कैरेबियन समुदाय) परिवार का अहम सदस्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में कैरीकॉम देशों की मदद की है। इस तरह की साझेदारी से चुनौतियों का समाधान मिल सकेगा।

प्रधानमंत्री मोदी को मिले इस सम्मान ने भारत और गुयाना के संबंधों को नई ऊंचाई दी है। यह भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को और मजबूत करता है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

August 2026
S M T W T F S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

Leave a Comment