जगदलपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राज्योत्सव स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और “आमचो बस्तर हाट” कियोस्क का उद्घाटन कर कलागुड़ी कैटलॉग का विमोचन किया।
छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में बनाई नई पहचान
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि दंतेश्वरी मैय्या की पवित्र धरा पर राज्योत्सव का आयोजन गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ अब 25 वर्ष का हो चुका है। राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
बस्तर में नक्सल उन्मूलन और विकास की गति
साव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता दुर्गम इलाकों को नक्सल मुक्त करना है। सुरक्षा बलों और पुलिस के प्रयासों से अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब देश और दुनिया में अपनी कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन के लिए नई पहचान बना रहा है।
रजत जयंती वर्ष में नई उड़ान की तैयारी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में रजत जयंती महोत्सव भव्य रूप से मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ अब लंबी उड़ान भरने के लिए तैयार है, और इसके लिए हर नागरिक को अपने क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान देना होगा।
Author: Deepak Mittal









