डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर की थी ठगी, धमतरी पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल किया जब्त
धमतरी। फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 13 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
CBI अधिकारी बनकर किया फोन, गिरफ्तारी का दिखाया डर
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी के मोबाइल पर 21 अगस्त को शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी। मामले को रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराने का दबाव बनाया।
आरोपी की धमकियों से भयभीत होकर प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में क्रमशः 5 लाख 30 हजार और 8 लाख रुपये, कुल 13 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी ने और रकम की मांग की, तब प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर थाना मगरलोड में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में एक बैंक खाता आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर पाया गया। इसके बाद धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास पर बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया। उसे पूछताछ के लिए थाना मगरलोड बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित जब्त किया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेक घोष बासा, निवासी रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, मकान नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से 11 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की शेष रकम के संबंध में जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal









