डोंगरगढ़: डोंगरगढ़ में कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए रोज़ का बस सफर उस वक्त भय का कारण बन गया, जब एक निजी बस का कंडक्टर उनके साथ लगातार छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने लगा। पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कंडक्टर नेतराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कंडक्टर आए दिन कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को बस में परेशान करता था। शुरुआत में छात्राएं डर और शर्म के कारण चुप रहीं, लेकिन जब उसकी हरकतें लगातार बढ़ने लगीं तो उन्होंने अपने परिजनों और ग्रामीणों को पूरी बात बताई।
थाने पहुंचीं छात्राएं, मचा हड़कंप
इसके बाद छात्राएं परिजनों के साथ सीधे डोंगरगढ़ थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी को पूरी घटना से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कंडक्टर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी घटना ने भी बढ़ाई चिंता
इसी बीच दुर्ग जिले से भी एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम जा रही एक फुटबॉल खिलाड़ी के साथ युवक ने जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ हाथापाई करते हुए छेड़छाड़ की। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों और परिवहन साधनों में इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8208841
Total views : 8248873