रायपुर। FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को गूगल पर FOREX ट्रेडिंग सर्च करने के दौरान वह FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक लाभ का लालच देकर उनसे और उनके भतीजे से विभिन्न किश्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश करा लिए। बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। चेन एनालिसिस और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर जयपुर निवासी मुकेश कुमार मीणा (26) और सीकर निवासी संदीप कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। साथ ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8212247
Total views : 8253096