रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एयरफोर्स के एक विंग कमांडर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव (39) ने पुरैना विधायक कॉलोनी स्थित विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर-79 में अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वे अपने दो बच्चों के साथ यहां रह रहे थे।
जानकारी के मुताबिक उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पहले एयरफोर्स में अधिकारी थीं, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर आईटी सेक्टर की एक कंपनी में काम करने लगीं और फिलहाल बेंगलुरु में नौकरी कर रही थीं। काम के सिलसिले में वे दो दिन पहले दिल्ली गई हुई थीं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता था। दोनों ने वर्ष 2014 में लव मैरिज की थी। उनके दो बच्चे हैं—9 साल का बेटा और 7 साल की बेटी। घटना के समय दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे।
सुबह घर की मेड चाय देने पहुंची तो विंग कमांडर को फंदे पर लटका देख तुरंत इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। एफएसएल टीम के साथ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विंग कमांडर विपुल यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निवासी थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165736
Total views : 8191769