मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते कार सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप की Mahindra XUV300 कार में यह हादसा उस समय हुआ, जब वे डिप्टी सीएम अरुण साव के कार्यक्रम में शामिल होने बृंदावल की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अखरार के पास पहुंचते ही कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलते हुए पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार तीन लोगों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यदि थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि यह कार पिछले दीवाली पर ही खरीदी गई थी और आग लगने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना के बाद दिनेश कश्यप ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह ईश्वर की कृपा है कि सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि वे कार्यक्रम के लिए डिप्टी सीएम के साथ आगे रवाना हो गए थे, जबकि कार में उनके तीन साथी सवार थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8182575
Total views : 8214801