रायपुर: विष्णुदेव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका जलाशय में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जलाशय में बोटिंग कर क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और विकसित पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में शिकारा पर सवार होकर नौका विहार किया। चारों ओर हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजा यह रमणीय स्थल अब एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर रहा है। उन्होंने यहां संचालित बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स सहित अन्य पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 दर्शकों की क्षमता वाले ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। यह ओपन थिएटर भविष्य में सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि झुमका जलाशय केवल कोरिया जिले की पहचान ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157524
Total views : 8179194