शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, गैस सिलेंडर चपेट में आने से मची अफरा-तफरी
अंबिकापुर: शहर के अंबेडकर चौक स्थित एक फर्नीचर दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर चौक पर स्थित यह फर्नीचर दुकान काफी बड़े क्षेत्र में फैली हुई थी। दुकान संचालक द्वारा अलग-अलग शटर लगाकर फर्नीचर के साथ ऑटो पार्ट्स और मोटर पार्ट्स का कारोबार भी किया जा रहा था। संचालक बीती रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था, जबकि आज सुबह लगभग 4 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि देखते ही देखते 8 से 10 शटर वाली पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। दुकान के आसपास रखे फर्नीचर, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
दुकान से सटे इलाके में लगने वाली चाट की दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उसके फटने की आशंका को लेकर इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने हालात को संभाल लिया और बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8178884
Total views : 8209764