रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दिनांक 7 फरवरी 2026 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस को सूचना मिली कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखकर उसकी डिलीवरी की जा रही है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दो आरोपी फरार हो गए, जबकि चालक को घेराबंदी कर मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु केशरवानी, निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में 20 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा के कालाहांडी से गांजा लाकर रायपुर और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, और दो मोबाइल फोन समेत कुल करीब 7 लाख 55 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल मामले में फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8203299
Total views : 8242006