कोरबा। खेत में काम कर घर लौट रहे ग्रामीण की मौत उस वक्त हो गई, जब उसका सामना एक लोनर (अकेले घूमने वाले) दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने गुस्से में आकर ग्रामीण को सूंड से उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया। मौके पर ही ग्रामीण की मौत हो गई।
घटना कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत तनेरा ग्राम के गोरिल्ला डांड़ की है। मृतक का नाम धन सिंह गोंड़ (45 वर्ष) बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 2:30 बजे धन सिंह जंगल से लकड़ी लेकर खेत के रास्ते से घर लौट रहा था। तभी अचानक उसका सामना दंतैल से हो गया। वह भागकर सुरक्षित स्थान तक पहुँच पाता, इससे पहले ही हाथी ने उसे पकड़ लिया और सूंड से पटक दिया।
वन विभाग की कार्रवाई
पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि हमलावर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है।
फिलहाल गाँव में दहशत का माहौल है और लोग खेत-जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं।
Author: Deepak Mittal









