धमतरी। जीवन की अनिश्चितता कभी-कभी ऐसे रूप में सामने आती है जिसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। बिजली गिरने से उसका मोबाइल फोन फट गया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी जान चली गई।
घटना भटगांव गांव की है। मृतक युवक की पहचान रोहित सिन्हा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोहित काम से लौटने के बाद रात में अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में टाइल्स लगाने के काम को देखने गया था। उसी वक्त तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर उसका मोबाइल फोन ब्लास्ट हो गया।
मोबाइल फटने से रोहित गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि आकाशीय बिजली से सतर्कता बरतना कितना जरूरी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165166
Total views : 8191035