
(शैलेश शर्मा) : रायगढ़ : पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25 सितंबर 2024 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजनांतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में साइबर सेल और महिला रक्षा टीम ने छात्रों को गुड टच-बेड टच, छेड़छाड़, अभिव्यक्ति ऐप, डायल 112, और साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
महिला सेल की एएसआई मंजू मिश्रा ने बच्चों को महिला सुरक्षा के महत्व पर गहराई से समझाया। उन्होंने गुड टच-बेड टच की पहचान, छेड़छाड़ से बचाव के उपाय, और अभिव्यक्ति ऐप एवं डायल 112 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि किसी भी असामान्य स्थिति में पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है, साथ ही आत्मनिर्भर बनने और साहसिक कदम उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

साइबर सेल के प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह ने साइबर अपराध से जुड़े खतरों और उनसे बचने के उपायों पर छात्रों को जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन गेम्स, सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर चर्चा की। दुर्गेश सिंह ने विशेष रूप से यह बताया कि अनजान व्यक्तियों से फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफार्मों पर बातचीत करने से किस प्रकार खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।
इस अवसर पर महिला सेल की प्रधान आरक्षक मालती कंवर और साइबर सेल के आरक्षक नवीन शुक्ला ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और छात्रों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें इन खतरों से बचाव के उपायों के प्रति सतर्क करना था।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8179872
Total views : 8211123