अंबिकापुर: स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल सा कुमार शुक्ला ने शनिवार सुबह 10:50 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, आशा कार्यकर्ता लोकनाथ सिंह के भी बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा कई कर्मचारियों द्वारा उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं किए जाने की भी बात सामने आई। ऐसे कर्मचारियों को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
संभागीय संयुक्त संचालक ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
Author: Deepak Mittal









