मंडल रेल प्रशासन ने दुर्घटना रिलीफ ट्रेन के यात्रियों को हर संभव सहायता पहुंचाई

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलासपुर। 30 जुलाई को चक्रधरपुर मंडल में हुई ट्रेन 12810 हावड़ा-सीएसएमटी दुर्घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए विशेष रिलीफ ट्रेन चलाई। इस दौरान, बिलासपुर मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष इंतजाम किए।

मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्रियों की सहायता के लिए विशेष प्रबंधन किया गया। अनुराग कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों और दूसरे मंडलों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रियों को हर संभव मदद पहुंचाई।

खानपान और चिकित्सा सुविधा की त्वरित व्यवस्था की गई। झारसुगुड़ा से बिलासपुर स्टेशन के बीच रिलीफ ट्रेन के यात्रियों की सहायता के लिए वाणिज्य निरीक्षक और उनके कर्मचारी दल उपलब्ध रहे। छोटे बच्चों के लिए गर्म पानी और दूध की भी व्यवस्था की गई।

बिलासपुर स्टेशन में रिलीफ ट्रेन के आगमन के दो घंटे पूर्व ही यात्रियों की सहायता के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। वाणिज्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की 100 सदस्यों की टीम यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद थी। ट्रेन के स्टेशन पहुँचते ही वाणिज्य विभाग की टीम ने यात्रियों को रात के खाने के लिए 1400 पैकेट भोजन और 1400 बोतल रेलनीर नि:शुल्क प्रदान किए।

चोटिल यात्रियों के उपचार के लिए ट्रेन को 45 मिनट तक स्टेशन पर रोका गया और डॉक्टरों की टीम ने सभी कोचों में जाकर उपचार किया। प्लेटफार्म पर भी घायल यात्रियों का उपचार किया गया और आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं।

स्टेशन पर एंबुलेंस, स्ट्रेचर और व्हील चेयर की भी व्यवस्था की गई थी ताकि जरूरत पड़ने पर घायल यात्रियों को रेलवे चिकित्सालय में भर्ती कराया जा सके। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियाँ तैनात की गईं और ट्रेन के सभी कोचों की तुरंत सफाई करवाई गई।

वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने चांपा स्टेशन से रायपुर स्टेशन तक यात्रियों की निगरानी की, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रियों के लिए चिकित्सा सहायता की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने अन्य मंडलों से समन्वय स्थापित कर ट्रेन के यात्रियों को नागपुर सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई। रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की यात्रियों और उनके परिजनों ने सराहना की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment