बेसुध निगम को व्यापारी ने दिखाया आइना, खुद भरे खतरनाक गड्ढे
नवभारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
बिलासपुर। नगर निगम की कार्यप्रणाली अक्सर शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनती है। ऐसा ही मामला व्यापार विहार स्मार्ट रोड से श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ पर सामने आया है, जहां एक महीने से सड़क पर गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। यह शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है।
इस गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और स्कूली बच्चे भी कई बार इस गड्ढे में गिरते रहे। लेकिन एक महीने बीत जाने के बावजूद निगम को इस गड्ढे को भरने का समय नहीं मिला।
ऐसे में एक टेंट व्यापारी ने बेसुध निगम को आइना दिखाने का काम किया। उन्होंने खुद ही एक मजदूर की मदद से मिट्टी और मलबे की व्यवस्था कर उक्त गड्ढे को भरने का कार्य किया और एक जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मालूम हो कि तकरीबन एक महीने पहले श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ (ट्रैफिक सिग्नल के पास) पर बिछाई गई पानी सप्लाई की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते सड़क को तकरीबन बारह फीट गहराई और दस फीट चौड़ाई तक खोदा गया था।
लेकिन काम पूरा होने के बाद निगम कर्मियों ने गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे छोड़ दिया और सड़क एक ही दिन में धंस गई। जिसके बाद वाहनों की आवाजाही में परेशानी होने लगी। वाहनों के चलने से गड्ढा और भी बढ़ता गया। हालत इतने खराब हो गए कि ट्रैफिक सिग्नल वाले चौक पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
रात के समय दो पहिया वाहन चालक इस गड्ढे में गिरने लगे और अब बच्चों की स्कूल भी शुरू हो चुकी है। सुबह से बच्चे स्कूल जाने के लिए निकलते हैं और रोजाना कोई न कोई बच्चा इस गड्ढे में गिर जाता है। हो रही समस्या के बाद भी नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं।
लोगों की इस परेशानी को देखते हुए अज्ञेय नगर के टेंट व्यापारी राजेश मुदलियार ने इस गड्ढे को भरने का जिम्मा उठाया। मंगलवार की शाम को उन्होंने एक मजदूर, मिट्टी और मलबा लेकर खुद ही गड्ढे को भरा और आने-जाने वाले वाहन चालकों को राहत दिलाई।
प्रभावित हो रहा था सिग्नल सिस्टम
इस चौक पर यातायात संचालन के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है, लेकिन इस गड्ढे ने पूरे सिस्टम को फेल कर रखा था। महाराणा प्रताप चौक की ओर से आने वाली गाड़ियों के लिए श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ में लेफ्ट साइड फ्री है, लेकिन ठीक उसी जगह सड़क पर गड्ढा छोड़ दिया गया था, जिससे लेफ्ट साइड जाने वाले वाहनों को जगह नहीं मिल रही थी।
इसी तरह व्यापार विहार की ओर से आकर श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ में मुड़ने वाली गाड़ियों को भी आगे जाने में इस गड्ढे के कारण परेशानी हो रही थी। इसके बाद भी निगम के अधिकारी नहीं जागे और किसी ने भी गड्ढे को भरने की जहमत नहीं उठाई।
अन्य सड़कों में भी इस तरह के गड्ढे
शहर की अन्य सड़कों पर भी इस तरह के छोटे-छोटे गड्ढे हैं। तार बिछाने और पाइपलाइन बिछाने के बाद इन गड्ढों को छोड़ दिया गया है। अब बारिश शुरू हो चुकी है, जिससे इन गड्ढों का दायरा और भी बढ़ता जा रहा है। जल्द ही इनकी मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह वाहन चालकों के लिए और अधिक परेशानी का सबब बनेंगे। लेकिन नगर निगम प्रबंधन इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा है।
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168652
Total views : 8196369