कुएं में मिला 24 दिन की बच्ची का शव, रविवार की रात हुई थी लापता
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में 24 दिन की बच्ची के गायब होने का मामला दुखद अंत पर पहुंच गया है। रविवार की रात लापता हुई इस मासूम का शव गांव के पास के कुएं में मिला है।
मस्तूरी के किरारी गांव में रहने वाली महिला ने रविवार रात अपने घर में सोते समय अपनी 24 दिन की बच्ची को आखिरी बार देखा था। रात 2 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसने पाया कि बच्ची बिस्तर पर नहीं थी। परिवार वालों ने बच्ची को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन सुबह, परिजनों ने मस्तूरी पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। इसके बावजूद बच्ची के गायब होने से सब हैरान थे। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया और पास के तालाब में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार की दोपहर, पुलिस ने पड़ोसी के कुएं में सर्चिंग कराई। इस दौरान मासूम बच्ची का शव तैरता हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरी घटना की जांच में जुट गई है।
इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है और पुलिस अब इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। परिजन और ग्रामीण अभी भी इस सवाल से जूझ रहे हैं कि आखिर इस मासूम बच्ची के साथ क्या हुआ और वह कुएं में कैसे पहुंची।
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168695
Total views : 8196424