1300 युवाओं को मौके पर ही मिला कंपनियों का आफर लेटर
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
बिलासपुर। लखीराम अग्रवाल स्मृति आडिटोरियम में एक भव्य प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा नौकरी की उम्मीद में बायोडाटा लेकर पहुंचे। निजी कंपनियों द्वारा इंटरव्यू के बाद 1,300 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए गए।
विधायक अमर अग्रवाल ने समापन समारोह में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर देकर शुभकामनाएं दीं। तकनीकी शिक्षा और रोजगार मंत्री विजय शर्मा ने दूरभाष के माध्यम से कैंप के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और भविष्य में ऐसे और कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया। इस मेगा प्लेसमेंट कैंप में 43 नियोक्ता कंपनियों ने 6,420 पदों के लिए भर्ती में रुचि दिखाई। कुल 5,500 आवेदकों ने फार्म भरे, जिनमें से 3,800 ने आवेदन किया और 1,300 लोगों को ऑफर लेटर दिए गए।
मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित इस मेगा प्लेसमेंट कैंप को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में रोजगार देना सबसे बड़ी चुनौती है और इस तरह के मेगा प्लेसमेंट कैंप युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का एक बेहतरीन माध्यम हैं। हमारी सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार देना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा युवाओं को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत युवाओं को लोन देकर उन्हें अपना रोजगार स्थापित करने का अवसर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत आरपी चौहान, सहायक कलेक्टर और कैंप आयोजन के नोडल अधिकारी तन्मय खन्ना, रोजगार एवं प्रशिक्षण संचालनालय के उपसंचालक वीके केडिया, उपसंचालक रोजगार कार्यालय अमर पहारे सहित बड़ी संख्या में युवा और नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बढ़ाया उम्मीदवारों का हौसला
कलेक्टर अवनीश शरण ने मेगा प्लेसमेंट कैंप का जायजा लिया और वहां उपस्थित प्रतिभागियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया।
युवाओं ने सराहा कैंप की पहल
प्लेसमेंट कैंप में चयनित युवाओं ने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित यह प्लेसमेंट कैंप बहुत उपयोगी रहा। हम जैसे बेरोजगारों को इसके माध्यम से रोजगार मिला। बिलासपुर के मंगला निवासी आशीष यादव, अनुपमा तिवारी, सन्नी कुमार कुर्रे, डोमेश कुमार कोसले सहित अन्य युवाओं ने सरकार के प्रति आभार जताया।
Author: Deepak Mittal













Total Users : 8168786
Total views : 8196543