रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 के नियमित छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा और परियोजना कार्य को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से 20 जनवरी 2027 के बीच संबंधित संस्थाओं में आयोजित की जाएंगी।
मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समयावधि में प्रायोगिक परीक्षाएं और परियोजना कार्य अनिवार्य रूप से संपन्न कराएं। प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी स्थिति में विशेष अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था एवं छात्र-छात्राओं की होगी।
निर्देशों के अनुसार प्रायोगिक परीक्षा के लिए मंडल द्वारा बाह्य परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। संबंधित विद्यालयों को बाह्य परीक्षकों से संपर्क कर परीक्षा की तिथि निर्धारित करनी होगी। यदि कोई बाह्य परीक्षक निर्धारित तिथि पर परीक्षा लेने में असमर्थ रहता है, तो संस्था तत्काल अपने जिले के समन्वयक से संपर्क कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
Author: Deepak Mittal









