रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने अवैध कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बंजारी मार्केट स्थित ओम ब्यूटी सेंटर में छापेमारी के दौरान पाकिस्तान में निर्मित गोरी और फेयरनेस क्रीम का बड़ा स्टॉक बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने दुकान से 218 नग गोरी क्रीम और 18 नग अन्य क्रीम समेत कुल 236 नग कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए। जब्त किए गए उत्पादों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्रतिबंधित या नियमों के विपरीत उत्पाद होने की आशंका के चलते विभाग ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की। साथ ही जांच के लिए क्रीम के नमूने भी एकत्र किए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय टीम ने गोल बाजार क्षेत्र की अन्य दुकानों में भी जांच-पड़ताल की है। वहीं, यूपीआई लेनदेन के रिकॉर्ड के आधार पर इन उत्पादों की सप्लाई चेन और कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Author: Deepak Mittal









